आगरा स्थित विश्वविख्यात ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। ताजमहल की एक मीनार पर एक व्यक्ति द्वारा रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाने का मामला सामने आया है, जिसके बाद हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंचकर मीनार पर वीडियो शूट किया गया और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर दिया गया। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, यह रील एक सफाई कर्मचारी द्वारा बनाई गई थी, जो कि कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत था। वीडियो सामने आने के बाद संबंधित सफाई कर्मचारी को कार्य से हटा दिया गया है।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सफाई कार्य से जुड़ी ठेकेदार कंपनी मैसर्स पप्पन को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
इस घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि इतने सख्त सुरक्षा दावों के बावजूद युवक या कर्मचारी प्रतिबंधित क्षेत्र तक कैसे पहुंचा? क्या यह केवल चूक है या किसी स्तर पर मिलीभगत भी हुई है? फिलहाल मामले की जांच जारी है।
