आगरा। सीएचसी शमशाबाद में कथित लापरवाही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। नवजात की मौत के बाद सामने आए इस वीडियो ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो में नवजात वार्ड में नियमों की अनदेखी और अव्यवस्था दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि अस्पताल में आवश्यक स्टाफ की मौजूदगी नहीं थी, जिससे हालात और बिगड़ गए।
स्टाफ नर्स नदारद, ‘आशा’ के भरोसे वार्ड
सूत्रों के मुताबिक, घटना के समय नवजात वार्ड में स्टाफ नर्स मौजूद नहीं थी और देखभाल की जिम्मेदारी ‘आशा’ कार्यकर्ता पर थी। यह स्थिति स्वास्थ्य मानकों के विपरीत मानी जा रही है।
पहले भी सामने आ चुका है विवाद
जानकारी के अनुसार, संबंधित ‘आशा’ कार्यकर्ता का पहले भी पैसे लेने का वीडियो वायरल हो चुका है। इसके बावजूद ठोस कार्रवाई न होने पर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग पर उठे सवाल
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और सरकारी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि अस्पताल में लगातार नियमों की अनदेखी की जा रही है, जिससे मरीजों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।
फिलहाल, मामले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। जांच के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
