डिमना क्षेत्र में स्थित चर्चित ‘लेक व्यू होटल एंड रिसोर्ट’ एक बार फिर विवादों में आ गया है। शनिवार को यहां उस समय भारी हंगामा और तनाव फैल गया, जब बड़ी संख्या में आक्रोशित ग्रामीण रिसोर्ट परिसर में घुस गए। ग्रामीणों ने रिसोर्ट प्रबंधन पर ‘पतंजलि योग केंद्र’ के नाम का दुरुपयोग कर अंदर अनैतिक गतिविधियां और कथित देह व्यापार संचालित करने का गंभीर आरोप लगाया है।
सूचना के अनुसार, ग्रामीणों ने पहले से मिल रही संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतों के आधार पर अचानक रिसोर्ट पर धावा बोल दिया। इस दौरान तीन युवक और तीन युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में पाए जाने का दावा किया गया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रिसोर्ट को योग और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में दिखाकर गलत गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी इस रिसोर्ट पर इसी तरह की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं, रिसोर्ट प्रबंधन ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यहां केवल योग और स्वास्थ्य प्रशिक्षण से जुड़ी गतिविधियां संचालित होती हैं। प्रबंधन का दावा है कि परिसर में बिना पहचान पत्र के किसी को प्रवेश नहीं दिया जाता और सभी रिकॉर्ड विधिवत दर्ज किए जाते हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
