उत्तर प्रदेश में सुशासन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर योगी सरकार की पहल लगातार असर दिखा रही है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की अप्रैल 2026 की रैंकिंग में रामपुर जिले ने एक बार फिर पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।
जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण, सकारात्मक फीडबैक और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार के चलते रामपुर ने यह उपलब्धि हासिल की। रैंकिंग में बरेली दूसरे और पीलीभीत तीसरे स्थान पर रहे।
रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि जिले ने जनशिकायतों के समाधान को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध कार्रवाई की। शिकायतों के निस्तारण के बाद प्राप्त सकारात्मक फीडबैक ने भी जिले की रैंकिंग मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
सीएम डैशबोर्ड की अप्रैल माह की रैंकिंग में रामपुर को 10 में से 9.42 अंक प्राप्त हुए। वहीं बरेली को 9.41 अंक और पीलीभीत को 9.36 अंक मिले।
टॉप-10 जिलों की सूची में इटावा, हमीरपुर, महराजगंज, शाहजहांपुर, सीतापुर, हरदोई और औरैया ने भी जगह बनाई है। इन जिलों ने जनशिकायतों के समाधान, प्रशासनिक पारदर्शिता और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के जरिए अच्छा प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड योगी सरकार का अहम मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म है, जिसे राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के सहयोग से विकसित किया गया है। इसके माध्यम से सरकार को जिलों के प्रदर्शन की रियल टाइम जानकारी मिलती है और अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होती है।
सरकार का मानना है कि जिलों के बीच बेहतर कार्य करने की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा से आम जनता को सीधे लाभ मिल रहा है और जनसमस्याओं का तेजी से समाधान सुनिश्चित हो रहा है।
