रिपोर्ट – अचल प्रताप सिंह
बरेली।सरकारी नौकरी का भरोसा देकर शादी करने और बाद में 10 लाख रुपये व कार की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है।
सुभाषनगर क्षेत्र निवासी शशि प्रभा ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की तहरीर पर सुभाषनगर पुलिस ने पति समेत ससुराल के कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शशि प्रभा के मुताबिक उनका विवाह इज्जतनगर निवासी अमन माथुर से हुआ था। उनका आरोप है कि शादी से पहले अमन की नौकरी को लेकर उन्हें सरकारी कर्मचारी होने का भरोसा दिलाया गया था। शादी में मायके पक्ष ने करीब 15 लाख रुपये खर्च किए। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल वाले दहेज से संतुष्ट नहीं थे।
सरकारी नौकरी की जगह संविदा पर होने का आरोप
विवाहिता का कहना है कि शादी के बाद उन्हें पता चला कि अमन सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि संविदा पर कार्यरत है। इस बात का विरोध करने पर कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद ससुराल पक्ष ने 10 लाख रुपये और कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने और जमीन पर सुलाने का भी आरोप लगाया गया है।
शराब के नशे में बेल्ट से पीटने का आरोप
महिला के अनुसार अक्टूबर 2025 में अमन ने शराब के नशे में उनके साथ बेल्ट से मारपीट की। इसके बाद उनकी मां उन्हें मायके ले गईं। दिसंबर 2025 में ससुर के निधन के बाद वह दोबारा ससुराल पहुंचीं। आरोप है कि बाद में ननद की शादी में उनके जेवर और दहेज में मिला सामान भी दे दिया गया।
होली के बाद घर से निकाला, WhatsApp पर धमकी का आरोप
शशि प्रभा का आरोप है कि होली के बाद फिर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें घर से निकाल दिया गया। इसके बाद पति की ओर से WhatsApp पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
सीओ द्वितीय नितिन कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
