Yogi Adityanath सरकार उत्तर प्रदेश में स्वदेशी उन्नत गोवंश और डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर काम कर रही है। इसी क्रम में दुग्ध विकास विभाग की ओर से ‘स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसके जरिए किसानों, पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों, निवेशकों और उद्यमियों से संवाद स्थापित किया जाएगा।
14 मई को Agra के आरबीएस कॉलेज स्थित राव कृष्णपाल सिंह ऑडिटोरियम में आगरा और अलीगढ़ मंडल के पशुपालकों, किसानों और उद्यमियों का बड़ा सम्मेलन आयोजित होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ पशुधन, दुग्ध विकास एवं राजनैतिक पेंशन मंत्री Dharampal Singh करेंगे।
डेयरी सेक्टर को नई दिशा देने का अभियान
‘स्वदेशी उन्नत गोवंश, समृद्ध निवेश, सुरक्षित भविष्य- खुशहाल उत्तर प्रदेश’ थीम पर आधारित इस समागम का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था और डेयरी सेक्टर को मजबूती देना है।
कार्यक्रम में स्वदेशी गायों की उन्नत नस्लों, डेयरी उद्योग में निवेश के अवसरों, गोपालन और किसानों के सुरक्षित भविष्य जैसे विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही यह भी बताया जाएगा कि डेयरी क्षेत्र में बढ़ते निवेश से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को कैसे मजबूती मिल रही है।
निवेशकों और उद्यमियों को मिलेंगे अवसर
समागम में किसान, दुग्ध उत्पादक, गोपालक, निवेशक और उद्यमी एक मंच पर जुटेंगे। यहां डेयरी प्लांट, गोशाला, बायोगैस और दुग्ध उत्पादन से जुड़े नए अवसरों पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम में Nand Baba Dugdh Mission, नंदिनी कृषक समृद्धि योजना और मुख्यमंत्री स्वदेशी गोसंवर्धन योजना के लाभार्थी अपनी सफलता की कहानियां साझा करेंगे।
आगरा-अलीगढ़ मंडल से मिले 5000 करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव
दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के अनुसार प्रदेश में अब तक दुग्ध विकास विभाग को करीब 28 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। इनमें से आगरा और अलीगढ़ मंडल से ही 5000 करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव मिले हैं।
उन्होंने बताया कि नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत आगरा और अलीगढ़ मंडल के 762 लाभार्थियों को 500 लाख रुपये से अधिक की अनुदान राशि दी जा चुकी है।
पूरे प्रदेश में होंगे संवाद समागम
दुग्ध विकास विभाग के अनुसार ‘स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम’ का आयोजन पूरे प्रदेश के मंडलों में किया जाएगा।
- जून: मुरादाबाद-बरेली मंडल
- जुलाई: लखनऊ मंडल
- अगस्त: अयोध्या-देवीपाटन मंडल
- सितंबर: कानपुर-झांसी मंडल
- अक्टूबर: गोरखपुर-बस्ती मंडल
- नवंबर: प्रयागराज-चित्रकूट मंडल
- दिसंबर: वाराणसी, आजमगढ़ और विंध्याचल मंडल
सरकार का उद्देश्य डेयरी सेक्टर को मजबूत कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आय में बढ़ोतरी करना है।
