लखनऊ। आम आदमी पार्टी की छात्र विंग ASAP (Association of Students for Alternative Politics) ने बुधवार को NEET 2026 पेपर लीक मामले के विरोध में राजधानी लखनऊ के जीपीओ कार्यालय, हजरतगंज के पास जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्र-युवा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार और पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के बाद छात्र नेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान पुलिस द्वारा प्रदर्शन रोकने की कोशिश में कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
छात्र विंग के प्रदेश उपाध्यक्ष अंशुल यादव ने कहा कि NEET जैसी देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक होना करोड़ों छात्रों के सपनों और भविष्य पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि लाखों छात्र कठिन मेहनत कर परीक्षा की तैयारी करते हैं और अभिभावक अपनी जीवनभर की कमाई बच्चों की पढ़ाई पर खर्च करते हैं, लेकिन भाजपा सरकार शिक्षा माफियाओं के सामने पूरी तरह नतमस्तक दिखाई दे रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में लगातार विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाओं ने यह साबित कर दिया है कि केंद्र और राज्य सरकारें परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने में पूरी तरह विफल रही हैं। अंशुल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में असफल रही है और जो परीक्षाएं आयोजित हो रही हैं, उनमें भी भ्रष्टाचार और धांधली का बोलबाला है।
छात्र विंग के प्रदेश महासचिव अनित रावत ने कहा कि आज देश का युवा गुस्से में है क्योंकि उसकी मेहनत का कोई मूल्य नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक ने लाखों छात्रों को मानसिक तनाव और असुरक्षा की स्थिति में डाल दिया है। सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है।
उन्होंने मांग की कि NEET 2026 पेपर लीक मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए, पूरे नेटवर्क का खुलासा हो और इसमें शामिल माफियाओं, अधिकारियों तथा राजनीतिक संरक्षण देने वालों पर गैंगस्टर एक्ट और NSA जैसी कठोर धाराओं में कार्रवाई की जाए। साथ ही परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए ठोस नीति लागू की जाए ताकि भविष्य में छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो सके।
अनित रावत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब छात्र लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों और न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरते हैं तो सरकार पुलिस के जरिए उनकी आवाज दबाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज को कुचलने की कोशिश को आम आदमी पार्टी कभी सफल नहीं होने देगी।
अंत में अंशुल यादव ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई नहीं की और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार नहीं किए, तो छात्र विंग पूरे प्रदेश में आंदोलन को और तेज करेगी तथा विश्वविद्यालयों से लेकर सड़कों तक संघर्ष जारी रहेगा।
