Homeउत्तर प्रदेशयोगी सरकार की दिव्यांग पेंशन योजना बनी लाखों दिव्यांगजनों का सहारा

योगी सरकार की दिव्यांग पेंशन योजना बनी लाखों दिव्यांगजनों का सहारा

लखनऊ, 14 मई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में दिव्यांगजनों के सम्मानजनक जीवन और सामाजिक सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित दिव्यांग भरण-पोषण अनुदान योजना लाखों जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है।

प्रदेश सरकार की ओर से वर्ष 2025-26 में इस योजना के तहत 12 लाख से अधिक पात्र दिव्यांगजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक लाभार्थी को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जा रही है।

पहले यह योजना समाज कल्याण विभाग के अधीन संचालित होती थी, लेकिन दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के गठन के बाद इसका संचालन विभाग द्वारा किया जा रहा है। योजना का लाभ 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले पात्र व्यक्तियों को दिया जाता है।

18 वर्ष से अधिक आयु के दिव्यांगजन उठा सकते हैं लाभ

योजना का लाभ उन दिव्यांगजनों को दिया जाता है जिनके पास आय का कोई स्थायी साधन नहीं है और जो शारीरिक स्थिति के कारण नियमित रोजगार करने में असमर्थ हैं। 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवक-युवतियां इसके लिए पात्र हैं।

सरकार द्वारा आय सीमा भी निर्धारित की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वार्षिक आय सीमा 46,080 रुपये और शहरी क्षेत्रों के लिए 56,460 रुपये तय की गई है।

ऑनलाइन आवेदन से बढ़ी सुविधा

योगी सरकार ने आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और सरल बना दिया है। अब पात्र दिव्यांगजन sspy-up.gov.in पोर्टल के माध्यम से घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। इससे दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांगजनों को भी योजना का लाभ आसानी से मिल रहा है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025-26 में अब तक 12,23,295 लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। इससे स्पष्ट है कि सरकार योजनाओं को प्रभावी ढंग से जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

डिजिटल भुगतान से बढ़ी पारदर्शिता

योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सहायता राशि का भुगतान पीएफएमएस के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में किया जा रहा है। इससे बिचौलियों और भ्रष्टाचार पर रोक लगी है तथा लाभार्थियों को समय पर सहायता राशि प्राप्त हो रही है।

दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के उप निदेशक डॉ. अमित कुमार राय ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग भरण-पोषण अनुदान योजना आर्थिक रूप से कमजोर और निराश्रित दिव्यांगजनों के लिए बड़ा सहारा साबित हो रही है। साथ ही योजना की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और डिजिटल बनाया गया है ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इसका लाभ उठा सकें।

RELATED ARTICLES

Most Popular