Homeउत्तर प्रदेशUP Teacher Recruitment: एडेड माध्यमिक विद्यालयों में 23 हजार से ज्यादा पद...

UP Teacher Recruitment: एडेड माध्यमिक विद्यालयों में 23 हजार से ज्यादा पद खाली

उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में लंबे इंतजार के बाद शिक्षकों और प्रधानाचार्यों की बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने नए शैक्षिक सत्र के लिए 23,213 रिक्त पदों का अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज दिया है। अब आयोग इन पदों पर भर्ती की आगे की प्रक्रिया शुरू करेगा।

प्रदेश में एडेड माध्यमिक विद्यालयों में इससे पहले वर्ष 2016 में भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी, जो 2021 में पूरी हो सकी थी। ऐसे में करीब एक दशक बाद इतनी बड़ी संख्या में भर्ती होने जा रही है।

माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा भेजे गए अधियाचन के अनुसार प्रधानाचार्य के 1502, प्रधानाध्यापक के 1003, प्रवक्ता (पीजीटी) के 2705, सहायक अध्यापक के 16,114 और संबद्ध प्राइमरी के सहायक अध्यापक के 1889 पद रिक्त हैं। कुल मिलाकर 23,213 पदों पर भर्ती की जाएगी।

अपर शिक्षा निदेशक सुरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि प्रदेश के 4479 एडेड माध्यमिक विद्यालयों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर रिक्त पदों का विवरण आयोग को भेजा गया है। अधियाचन भौतिक रूप से भेजने के साथ ही ई-पोर्टल पर भी अपलोड किया जा रहा है।

प्रदेश में कुल 4512 एडेड विद्यालय हैं, जिनमें से 4479 विद्यालयों में शिक्षकों और प्रधानाचार्यों के पद खाली हैं। लंबे समय से इन पदों पर नियुक्तियां न होने के कारण कई विद्यालयों में मौजूदा शिक्षकों से अतिरिक्त कार्य लिया जा रहा था, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। नई भर्ती से शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

वहीं बेसिक शिक्षा विभाग में भी लंबे समय से शिक्षकों की भर्ती की मांग चल रही है। अभ्यर्थी समय-समय पर प्रदर्शन कर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठा चुके हैं। विभाग में विद्यालयों के विलय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई भर्ती की तैयारी चल रही है।

इधर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से एडेड माध्यमिक विद्यालयों में 2022 से लंबित टीजीटी और पीजीटी भर्ती प्रक्रिया भी जारी है। पीजीटी परीक्षा नौ और 10 मई को 624 पदों के लिए आयोजित की जा चुकी है, जबकि टीजीटी परीक्षा तीन और चार जून को प्रस्तावित है। इसमें 3539 पदों पर भर्ती होनी है। इसके अलावा एडेड डिग्री कॉलेजों में 1017 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों के लिए भी भर्ती परीक्षा आयोजित की जा चुकी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular