राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। मामला विनीतखंड-5 इलाके का है, जहां अयोध्या निवासी प्रीति कश्यप नाम की महिला ने पति के छोड़कर चले जाने से आहत होकर यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय लोगों ने करीब पांच घंटे तक मशक्कत कर महिला को सुरक्षित नीचे उतारा।
जानकारी के मुताबिक प्रीति कश्यप ने कुछ समय पहले लखीमपुर खीरी के निघासन निवासी राम अनुग्रह प्रजापति से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों गोमतीनगर के विनीतखंड-5 इलाके में रह रहे थे। आरोप है कि बीते गुरुवार को पति अचानक उसे छोड़कर चला गया। इसके बाद प्रीति लगातार उससे संपर्क करने की कोशिश करती रही, लेकिन बात नहीं हो सकी। पति के इस व्यवहार से वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई।
रविवार सुबह करीब नौ बजे प्रीति इलाके में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई। जैसे ही लोगों की नजर टंकी पर बैठी महिला पर पड़ी, इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी समझाया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुई। इसके बाद मामले की सूचना गोमतीनगर पुलिस और दमकल विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं फायर स्टेशन गोमतीनगर से दमकल की टीम भी पहुंच गई। चौकी प्रभारी गुरप्रीत कौर और फायर ब्रिगेड कर्मी टंकी के ऊपर तक पहुंचे और महिला को समझाने का प्रयास किया। हालांकि वह काफी देर तक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस और दमकल विभाग ने बेहद संयम के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। महिला कई घंटों तक टंकी पर बैठी रही। इस दौरान उसे वहीं पर खाना और पानी भी दिया गया ताकि उसकी तबीयत खराब न हो। करीब पांच घंटे तक चले समझाने-बुझाने और मान-मनौव्वल के बाद आखिरकार महिला नीचे उतरने के लिए राजी हुई।
हालांकि नीचे उतरते ही प्रीति अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि होश में आने के बाद महिला से उसके पति का नंबर लिया गया और उससे संपर्क किया गया। बताया जा रहा है कि पति लखीमपुर खीरी से लखनऊ के लिए रवाना हो चुका है। उसके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के दौरान इलाके में बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। पानी की टंकी पर चढ़ी महिला का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से जुड़े मामलों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
