Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ :कामाख्या अस्पताल में महिला की मौत, इलाज में लापरवाही का आरोप;...

लखनऊ :कामाख्या अस्पताल में महिला की मौत, इलाज में लापरवाही का आरोप; संचालक, डॉक्टर और स्टाफ पर FIR

लखनऊ के ठाकुरगंज स्थित कामाख्या अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मामले में पुलिस ने अस्पताल संचालक, ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर और अन्य स्टाफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक चौक निवासी श्री प्रकाश ने अपनी पत्नी मंजू गौतम (40) को पेट में तेज दर्द की शिकायत होने पर 2 मई को कामाख्या अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने पथरी की समस्या बताते हुए तुरंत ऑपरेशन कराने की सलाह दी। इलाज और ऑपरेशन के नाम पर परिवार से करीब दो लाख रुपये जमा कराए गए।

परिवार का कहना है कि अस्पताल प्रशासन लगातार भरोसा दिलाता रहा कि मंजू की हालत सामान्य है और इलाज सही तरीके से चल रहा है। करीब दो सप्ताह तक अस्पताल में भर्ती रखने के बाद 15 मई को डॉक्टरों ने मंजू को पूरी तरह स्वस्थ बताते हुए डिस्चार्ज कर दिया।

हालांकि घर पहुंचने के कुछ घंटों बाद ही मंजू की तबीयत फिर बिगड़ने लगी। पेट में असहनीय दर्द शुरू हो गया, जिसके बाद घबराए परिजन उन्हें दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोप है कि अस्पताल पहुंचते ही मंजू को खून की उल्टियां होने लगीं, लेकिन डॉक्टरों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों के मुताबिक डॉक्टरों ने कहा कि शरीर की गंदगी बाहर निकल रही है और चिंता की कोई बात नहीं है।

मामला तब और संदिग्ध हो गया जब परिजनों ने ऑपरेशन के बारे में सवाल पूछे। आरोप है कि डॉक्टरों ने पहले ऑपरेशन की बात कही थी, लेकिन बाद में कहा कि कोई ऑपरेशन नहीं हुआ, बल्कि मुंह के जरिए पथरी निकाली गई थी। इसे लेकर परिवार ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

पीड़ित पति श्री प्रकाश का आरोप है कि गलत इलाज, लापरवाही और गलत दवाएं दिए जाने की वजह से मंजू की हालत लगातार बिगड़ती गई। देर रात करीब 11:30 बजे मंजू ने दम तोड़ दिया। पत्नी की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल संचालक, संबंधित डॉक्टर और अन्य स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल रिकॉर्ड और इलाज से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना के बाद इलाके में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और इलाज में लापरवाही को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular