लखनऊ में अवैध चैंबर तोड़े जाने का विरोध कर रहे अधिवक्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज की घटना को लेकर आगरा के वकीलों में भारी आक्रोश है। जिले की विभिन्न बार एसोसिएशनों ने सोमवार को बैठक बुलाकर आगे की रणनीति तय करने का निर्णय लिया है।
United Bar Association के अध्यक्ष अनूप कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश में अधिवक्ताओं के बैठने के लिए चैंबर की समस्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार और बार काउंसिल इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज करना पूरी तरह गलत है और लखनऊ बार जो भी निर्णय लेगी, उसका समर्थन किया जाएगा।
यूनाइटेड बार एसोसिएशन ने सोमवार को बैठक बुलाई है, जिसमें आंदोलन की रणनीति पर चर्चा होगी। वहीं Agra Bar Association के सचिव विनोद शुक्ला ने बताया कि बार हॉल में होने वाली बैठक में आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।
इधर, उत्तर प्रदेश कांग्रेस आगरा मंडल विधि प्रकोष्ठ से जुड़े अधिवक्ताओं ने भी पुलिस कार्रवाई की निंदा की है। प्रकोष्ठ अध्यक्ष पवन शर्मा, उपाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज मिश्रा और आईडी श्रीवास्तव समेत अन्य वकीलों ने कहा कि अधिवक्ताओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संयुक्त रूप से रणनीति बनाई जाएगी।
गौरतलब है कि रविवार को लखनऊ में अवैध चैंबर हटाने की कार्रवाई के दौरान पुलिस और वकीलों के बीच तीखी झड़प हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस घटना के बाद प्रदेशभर के अधिवक्ताओं में नाराजगी बढ़ गई है।
