लखनऊ में सोमवार सुबह कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल खत्म होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर पुराने लखनऊ और ठाकुरगंज इलाके के कुछ पंपों पर ग्राहकों को बिना पेट्रोल दिए वापस लौटा दिया गया। इससे आसपास के अन्य पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई और लंबी कतारें लग गईं।
ठाकुरगंज इलाके में दूध मंडी के पास स्थित पेट्रोल पंप पर सुबह कर्मचारियों ने स्टॉक खत्म होने की बात कहकर लोगों को वापस लौटा दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में वाहन चालक दूसरे पंपों की ओर पहुंचने लगे। कोनेश्वर पेट्रोल पंप पर हालात ऐसे हो गए कि पेट्रोल भरवाने के लिए लंबी लाइन लग गई। आसपास के दो अन्य पंपों पर भी पेट्रोल खत्म होने की बात सामने आई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने लखनऊ के कुछ इलाकों में पहले भी इस तरह की अस्थायी किल्लत देखने को मिल चुकी है। सप्लाई और मांग के असंतुलन के कारण समय-समय पर ऐसी स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों को काफी दिक्कत होती है।
हालांकि दिन चढ़ने के साथ हालात सामान्य होते दिखाई दिए। अधिकांश पेट्रोल पंपों पर सप्लाई बहाल हो गई और लोगों ने सामान्य तरीके से पेट्रोल-डीजल भरवाया। कहीं भी ज्यादा लंबी कतारें नहीं दिखीं।
पेट्रोल पंप संचालकों ने दावा किया कि शहर में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। कुछ जगहों पर तकनीकी कारणों या सप्लाई में थोड़ी देरी की वजह से अस्थायी परेशानी हुई थी।
प्रशासन और पंप संचालकों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कमी नहीं है।
