उत्तर प्रदेश में गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिन में तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं के साथ अब रातें भी गर्म हो रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार 19 मई को तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। वाराणसी और प्रयागराज समेत 22 जिलों में लू चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक, दक्षिणी और मध्य उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।
इन जिलों में हीट वेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, संत रविदासनगर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, बलिया और रायबरेली में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
13 शहरों में 43 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
18 मई को प्रदेश के 13 शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। बांदा सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा प्रयागराज, झांसी, हमीरपुर, बुलंदशहर, वाराणसी, अयोध्या, कानपुर, उरई और आगरा समेत कई शहरों में पारा 43 डिग्री के पार पहुंच गया।
