Homeउत्तर प्रदेशUP में किसानों के लिए राहत, 27.94 लाख मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध

UP में किसानों के लिए राहत, 27.94 लाख मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध

उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों को राहत देते हुए प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध होने का दावा किया है। कृषि विभाग के मुताबिक, इस समय प्रदेश में कुल 27.94 लाख मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है, जो पिछले साल की तुलना में 3.13 लाख मीट्रिक टन अधिक है। सरकार का कहना है कि किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार अनुदान पर उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है।

कृषि विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल 13.28 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 5.23 लाख मीट्रिक टन डीएपी, 4.81 लाख मीट्रिक टन एनपीके, 3.69 लाख मीट्रिक टन एसएसपी और 0.93 लाख मीट्रिक टन एमओपी उपलब्ध है। आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए केंद्र सरकार के सहयोग से लगातार उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

उर्वरकों की कालाबाजारी और दुरुपयोग रोकने के लिए सरकार ने नया नियम लागू किया है। अब अनुदानित उर्वरकों की बिक्री केवल किसान पहचान पत्र यानी फार्मर आईडी के आधार पर ही की जाएगी। किसानों को उनकी जोत और भूमि अभिलेखों के अनुसार ही उर्वरक दिया जाएगा। साथ ही विभाग ने उर्वरकों के साथ किसी अन्य उत्पाद की टैगिंग पर भी पूरी तरह रोक लगा दी है।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे उर्वरकों की जरूरत से ज्यादा खरीद और भंडारण न करें। विभाग के अनुसार, नमी और हवा के संपर्क में आने से उर्वरकों की गुणवत्ता प्रभावित होती है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे कृषि वैज्ञानिकों द्वारा सुझाई गई संतुलित मात्रा में ही उर्वरकों का प्रयोग करें।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसान अपनी कृषि भूमि और फसल की जरूरत के आधार पर अधिकतम 5 बोरी डीएपी और 7 बोरी यूरिया प्रति हेक्टेयर तक ही खरीद सकेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular