Homeउत्तर प्रदेशसलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में मिला 5 फीट लंबा सांप, मचा...

सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में मिला 5 फीट लंबा सांप, मचा हड़कंप

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में करीब 5 फीट लंबा सांप दिखाई दिया। सांप दिखने की सूचना मिलते ही मौके पर स्नेक रेस्क्यूअर को बुलाया गया, जिसने सुरक्षित तरीके से सांप को पकड़कर रेस्क्यू किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सांप अपार्टमेंट के नीचे वाले हिस्से में देखा गया था। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान स्नेक रेस्क्यूअर ने बिना किसी सुरक्षा उपकरण के सांप को हाथों से पकड़ लिया। वायरल वीडियो में वह पहले सांप का पीछा करता नजर आता है, फिर उसकी पूंछ पकड़कर उसे नियंत्रित करता है और बाद में बैग में डाल देता है।

बताया जा रहा है कि सांप जहरीला नहीं था, इसलिए उसे आसानी से रेस्क्यू कर लिया गया। हालांकि, यह अब तक साफ नहीं हो पाया है कि सांप गैलेक्सी अपार्टमेंट परिसर में कैसे पहुंचा। साथ ही यह जानकारी भी सामने नहीं आई है कि रेस्क्यू टीम को किसने बुलाया था।

गौरतलब है कि गैलेक्सी अपार्टमेंट इससे पहले अप्रैल 2024 में हुई फायरिंग की घटना को लेकर भी सुर्खियों में रहा था। 14 अप्रैल 2024 की सुबह बाइक सवार दो हमलावरों ने अपार्टमेंट के बाहर कई राउंड फायरिंग की थी। उस समय सलमान खान घर पर मौजूद थे। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य अनमोल बिश्नोई ने ली थी।

वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान जल्द ही फिल्म ‘मातृभूमि’ में नजर आएंगे, जिसमें अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में होंगी। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं। इसके अलावा सलमान ने अभिनेत्री नयनतारा के साथ अपनी नई फिल्म ‘SVC63’ की शूटिंग भी शुरू कर दी है। यह एक एक्शन थ्रिलर फिल्म बताई जा रही है, जिसे वामशी पेडिपल्ली निर्देशित कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular