लखनऊ में ज्येष्ठ मंगल के पावन अवसर पर मानव आदर्श सेवा समिति के सदस्यों भारत भूषण, विजय भाटिया और किशोर मिश्रा परिवार की ओर से सुंदरकांड पाठ और प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना और सुंदरकांड पाठ के साथ हुई।
इसके बाद श्रद्धालुओं और राहगीरों के बीच खीर, बूंदी, केला, छोला, चावल, पूरी-सब्जी और आइसक्रीम का प्रसाद वितरित किया गया। यह आयोजन पीजीआई रोड, ट्रांसपोर्ट नगर और वर्धा रोड क्षेत्र में किया गया, जहां बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

समिति के सदस्यों ने बताया कि ज्येष्ठ मंगल के अवसर पर हर वर्ष इस तरह के धार्मिक और सेवा कार्य आयोजित किए जाते हैं, ताकि लोगों में भक्ति और सेवा भावना को बढ़ावा मिल सके। कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आयोजन की सराहना की।
