उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों की लाइव ट्रैकिंग से यात्रियों का सफर अब पहले से अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा रहा है। योगी सरकार की पहल पर यूपीएसआरटीसी की 13,500 से अधिक बसों को व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) से जोड़ा गया है, जिससे हर बस की गतिविधियों पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। प्रतिदिन करीब 16 लाख यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लखनऊ स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और 20 क्षेत्रीय मॉनिटरिंग सेंटर लगातार सक्रिय हैं।
इन सेंटरों से बसों की ओवरस्पीडिंग, अचानक ब्रेक लगाने, तेज मोड़ लेने, तय रूट से हटने जैसी गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर ड्राइवरों को चेतावनी देने के साथ कार्रवाई भी की जाती है। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिल रही है और ड्राइवरों की जवाबदेही भी तय हो रही है।

यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए बसों में पैनिक बटन की सुविधा भी दी गई है। आपात स्थिति में पैनिक बटन दबाते ही अलर्ट यूपीएसआरटीसी कमांड सेंटर और यूपी पुलिस कंट्रोल रूम तक पहुंच जाता है, जिसके बाद तुरंत सहायता प्रक्रिया शुरू की जाती है। निगम के अनुसार हर दिन 5 हजार से अधिक अलर्ट प्राप्त होते हैं और जरूरत के अनुसार यात्रियों को मदद उपलब्ध कराई जाती है।

इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए यूपीएसआरटीसी के ‘मार्गदर्शी’ पोर्टल और वेबसाइट पर “ट्रैक माई बस” सुविधा शुरू की गई है। इसके जरिए यात्री कहीं से भी अपनी बस की लाइव लोकेशन देख सकते हैं, जिससे यात्रा की योजना बनाना आसान हो गया है।
