Homeउत्तर प्रदेशराहुल गांधी का BJP-RSS पर बड़ा हमला, बोले- PM और गृह मंत्री...

राहुल गांधी का BJP-RSS पर बड़ा हमला, बोले- PM और गृह मंत्री ने देश को बेचने का काम किया

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को रायबरेली और अमेठी दौरे के दौरान केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। रायबरेली में आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि जब आरएसएस के कार्यकर्ता सामने आएं तो उनसे पूछिए कि देश को बेचने का काम किसने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और संगठन ने देश के हितों के साथ समझौता किया है।

राहुल गांधी ने देश में आर्थिक संकट की आशंका जताते हुए कहा कि आने वाले समय में बड़ा आर्थिक तूफान आ सकता है और उस स्थिति में सरकार लोगों को बचा नहीं पाएगी। उन्होंने कहा कि जैसे कोविड और नोटबंदी के दौरान सरकार पर सवाल उठे थे, वैसे ही भविष्य में भी हालात बिगड़ने पर जिम्मेदारी से बचने की कोशिश की जाएगी।

बहुजन स्वाभिमान सभा में राहुल के पहुंचने पर कांग्रेसियों ने जिंदाबाद के नारे लगाए। पैर भी छुए।

इसके बाद राहुल गांधी अमेठी पहुंचे, जहां कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ उनके वीडियो और सोशल मीडिया रील्स का जिक्र किया। राहुल ने कहा कि देश में महंगाई बढ़ रही है, छोटे कारोबार बंद हो रहे हैं और बेरोजगारी गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन सरकार इन मुद्दों से ध्यान हटाकर प्रचार में व्यस्त है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी सरकार को घेरते हुए लिखा कि देश आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, किसान, युवा, महिलाएं और व्यापारी परेशान हैं, जबकि प्रधानमंत्री विदेश में रील बनाने में व्यस्त हैं।

राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को रायबरेली पहुंचे थे। लोकसभा चुनाव 2024 के बाद यह उनका रायबरेली का सातवां दौरा है। दौरे के दौरान उन्होंने समर्थकों से मुलाकात की, काफिला रोककर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और कार्यकर्ताओं से बातचीत की।

राहुल गांधी के बयानों पर भाजपा नेताओं ने भी पलटवार किया। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी का बयान उनकी अराजकतावादी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद और नक्सलवाद पर नियंत्रण पाया गया है और देश की सुरक्षा मजबूत हुई है।

वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता नहीं मिलने की निराशा उनके बयानों में साफ दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि देश का अपमान कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular