Homeधर्म संसारघर में स्फटिक शिवलिंग स्थापित करने से पहले जान लें ये जरूरी...

घर में स्फटिक शिवलिंग स्थापित करने से पहले जान लें ये जरूरी नियम

सनातन धर्म में शिवलिंग को भगवान शिव का प्रतीक माना जाता है और इसकी पूजा विशेष रूप से सावन माह में अत्यंत फलदायी मानी गई है। मान्यता है कि विधि-विधान से शिवलिंग की पूजा करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है। यही कारण है कि कई लोग अपने घर में भी शिवलिंग स्थापित करते हैं। शास्त्रों में स्फटिक शिवलिंग को बेहद शुभ और प्रभावशाली बताया गया है, लेकिन इसकी स्थापना के लिए कुछ विशेष नियमों का पालन करना जरूरी माना गया है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, घर में स्फटिक शिवलिंग की स्थापना हमेशा ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा में करनी चाहिए। वास्तु शास्त्र में इस दिशा को सबसे पवित्र और सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र माना गया है। कहा जाता है कि इस दिशा में स्फटिक शिवलिंग स्थापित करने से घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है तथा नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है।

शास्त्रों के मुताबिक घर में छोटे आकार का शिवलिंग स्थापित करना अधिक शुभ माना जाता है। आमतौर पर 4 से 6 इंच तक का स्फटिक शिवलिंग घर के लिए उपयुक्त बताया गया है। वहीं घर में अधिकतम 12 इंच तक का शिवलिंग स्थापित किया जा सकता है। इससे बड़े आकार के शिवलिंग मंदिरों के लिए उचित माने जाते हैं।

स्फटिक शिवलिंग की स्थापना के लिए सोमवार का दिन सबसे शुभ माना गया है। विशेष रूप से सावन माह में सोमवार के दिन इसकी स्थापना करना अत्यंत लाभकारी बताया गया है। स्थापना के समय घर और पूजा स्थल की शुद्धता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जाती है।

स्थापना के बाद स्फटिक शिवलिंग की नियमित पूजा करना भी जरूरी माना गया है। पूजा की शुरुआत गंगाजल अर्पित करने से की जाती है। इसके बाद शिवलिंग पर दूध, दही, घी, शहद और शुद्ध जल चढ़ाया जाता है। पूजन के दौरान “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप करना शुभ माना गया है। इसके बाद शिवलिंग पर बेलपत्र, सफेद फूल और चंदन अर्पित कर धूप-दीप से आरती की जाती है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सच्चे मन और नियमपूर्वक स्फटिक शिवलिंग की पूजा करने से भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है और घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार बना रहता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular