लंबे समय तक एक साथ शूटिंग करने से कलाकारों के बीच खास जुड़ाव बन जाता है। रोज़ाना की भागदौड़, साझा अनुभव और सेट पर बिताया गया समय कई नई आदतों और सीखों को जन्म देता है। सोनी सब के कलाकार सृष्टि सिंह, इक़बाल खान, दीक्षा जोशी और नितिन बाबू ने हाल ही में बताया कि उन्होंने अपने सह-कलाकारों से कौन-सी खास बातें सीखी हैं, जिन्होंने उनकी निजी और पेशेवर जिंदगी पर असर डाला है।
सृष्टि सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने को-स्टार्स, खासकर गुलकी से, व्यस्त और तनावपूर्ण माहौल में भी शांत रहना सीखा है। उन्होंने कहा कि पहले वे जल्दी तनाव में आ जाती थीं, लेकिन अब उन्होंने हर परिस्थिति में सहज रहकर काम का आनंद लेना सीख लिया है।
इक़बाल खान ने कहा कि उन्होंने युवा कलाकारों से हल्के-फुल्के अंदाज़ में जिंदगी जीना सीखा है। उनके मुताबिक, सेट पर सभी कलाकार मज़ाक और रोस्टिंग को खेल की तरह लेते हैं और कभी नकारात्मक नहीं होते। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की यह सकारात्मक ऊर्जा और शिकायत न करने की आदत उनसे काफी प्रभावित करती है।
दीक्षा जोशी ने साझा किया कि उन्होंने करूणा मैम से डांस का शौक अपनाया है। सेट पर म्यूज़िक बजते ही उनकी एनर्जी पूरे माहौल को जीवंत बना देती है। दीक्षा ने कहा कि अब वे भी शॉट्स के बीच सिर्फ देखने के बजाय खुद डांस का हिस्सा बनने लगी हैं।
वहीं, नितिन बाबू ने बताया कि पहले वे अकेले अपनी वैनिटी में लंच करना पसंद करते थे, लेकिन अब उन्होंने पूरी टीम के साथ बैठकर खाना खाने की आदत अपना ली है। उनके अनुसार, लंच ब्रेक अब दिन का सबसे मज़ेदार समय बन गया है, जहाँ बातचीत, हंसी-मज़ाक और टीम बॉन्डिंग से पूरे दिन की ऊर्जा बदल जाती है।
