Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ की नीलम शंखवार बनीं VG Mrs India Global Icon Phoenix Queen...

लखनऊ की नीलम शंखवार बनीं VG Mrs India Global Icon Phoenix Queen 2026

लखनऊ की शिक्षिका नीलम शंखवार ने राष्ट्रीय स्तर की सौंदर्य प्रतियोगिता में शानदार सफलता हासिल करते हुए “वीजी मिसेज इंडिया ग्लोबल आइकॉन फिनिक्स क्वीन 2026” का ताज अपने नाम किया है। नई दिल्ली स्थित फेयरली होटल्स एंड रिसॉर्ट्स में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।

लखनऊ में आयोजित पत्रकार वार्ता में नीलम शंखवार ने बताया कि प्रतियोगिता “ड्रीम, डेयर एंड बी द क्वीन” थीम पर आधारित थी। इसमें प्रतिभागियों को ट्रडिशनल राउंड, डांस परफॉर्मेंस, इवनिंग गाउन सेगमेंट, टैलेंट शोकेस, पर्सनल इंटरव्यू और रैंप वॉक जैसे विभिन्न चरणों से गुजरना पड़ा।

नीलम ने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास का बड़ा योगदान है। उन्होंने बताया कि यह जीत सिर्फ एक ताज नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, संघर्ष और नई पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि चाहे महिला गृहिणी हो या कामकाजी, यदि उसमें लगन और हौसला हो तो वह हर मुकाम हासिल कर सकती है।

उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने पति और बच्चों को देते हुए कहा कि परिवार के सहयोग और प्रोत्साहन ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। नीलम ने कहा कि यह सम्मान उन सभी महिलाओं को समर्पित है जो अपने परिवार, करियर और समाज में अपनी अलग पहचान बनाना चाहती हैं।

एक शिक्षिका होने के नाते नीलम शंखवार ने महिलाओं की शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव बताया। उन्होंने कहा कि जब एक लड़की शिक्षित होती है तो वह सिर्फ खुद नहीं, बल्कि पूरे परिवार को शिक्षित करती है। शिक्षा महिलाओं को आर्थिक और मानसिक रूप से आत्मनिर्भर बनाती है और समाज को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular