रिपोर्ट: प्रिया ए. शुक्ला
Bharti Airtel ने अपने ग्राहकों के लिए ‘एयरटेल प्रायोरिटी पोस्टपेड’ नाम से नया पोस्टपेड ऑफर लॉन्च किया है। कंपनी का दावा है कि यह सेवा भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी बेहतर और स्थिर नेटवर्क अनुभव देगी। यह सुविधा उन्नत 5G स्लाइसिंग तकनीक पर आधारित है।
एयरटेल इंडिया के एमडी और सीईओ Shashwat Sharma ने ग्राहकों को भेजे गए एक ईमेल में कहा कि कंपनी को लंबे समय से ऐसे फीडबैक मिल रहे थे, जिनमें लोगों ने भीड़भाड़ वाले बाजारों, ट्रैफिक जाम और बड़े आयोजनों के दौरान वीडियो कॉल, ईमेल डाउनलोड और फोटो अपलोड में आने वाली दिक्कतों का जिक्र किया था।
उन्होंने कहा कि इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए एयरटेल प्रायोरिटी पोस्टपेड सेवा शुरू की गई है। शर्मा के अनुसार, यह सेवा एयरटेल के 5G नेटवर्क के नवीनतम अपग्रेड ‘स्लाइसिंग’ तकनीक के जरिए काम करती है, जिससे नेटवर्क पर अतिरिक्त क्षमता तैयार होती है और प्रायोरिटी पोस्टपेड ग्राहकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलती है।
कंपनी के मुताबिक, 5G स्लाइसिंग तकनीक पहले से कई वैश्विक टेलीकॉम बाजारों में इस्तेमाल की जा रही है और अब एयरटेल इसे भारत में अपने पोस्टपेड ग्राहकों के लिए उपलब्ध करा रही है।
एयरटेल ने बताया कि यह सुविधा उसके पोस्टपेड प्लान्स में शामिल होगी और मौजूदा पोस्टपेड यूजर्स को इसका लाभ स्वतः मिलने लगेगा। ग्राहक इस सेवा का अनुभव उन 5G स्टैंडअलोन सक्षम स्मार्टफोन्स पर कर सकेंगे, जिनमें नवीनतम सॉफ्टवेयर वर्जन उपलब्ध है।
