Homeउत्तर प्रदेशतेजस हॉस्पिटल कांड: छात्रा से दुष्कर्म मामले में अस्पताल सील, आरोपी डॉक्टर...

तेजस हॉस्पिटल कांड: छात्रा से दुष्कर्म मामले में अस्पताल सील, आरोपी डॉक्टर का लाइसेंस होगा निलंबित

लखनऊ के तेजस हॉस्पिटल में 12वीं की छात्रा से कथित दुष्कर्म के मामले में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल को सील किया जाएगा। साथ ही आरोपी अस्पताल संचालक डॉ. विजय गिरी का चिकित्सकीय लाइसेंस तत्काल निलंबित करने और उनकी आयुर्वेदिक डिग्री जब्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आदेशित किया गया है।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पीड़ित छात्रा और उसके परिवार के साथ खड़ी है और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि आरोपी भविष्य में किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय जिम्मेदारी न निभा सके।

जानकारी के अनुसार, बख्शी का तालाब क्षेत्र के सीएचसी से करीब 50 मीटर दूरी पर संचालित तेजस हॉस्पिटल में भर्ती 19 वर्षीय युवती ने इलाज करने वाले डॉक्टर विजय कुमार गिरि पर नशीला इंजेक्शन देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।

पीड़िता एक प्राइवेट कॉलेज के हॉस्टल में रहकर डिप्लोमा कोर्स कर रही है। तबीयत खराब होने पर परिजनों ने पहले दुबग्गा के एक निजी अस्पताल में इलाज कराया था। मंगलवार शाम हालत बिगड़ने पर परिचित की मदद से उसे तेजस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

पीड़िता के मुताबिक बुधवार दोपहर डॉक्टर उसे ऑक्सीजन पाइप लगाने के बहाने ओटी में ले गए। वहां कलाई में लगी वीगो से इंजेक्शन देने के बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में ले लिया है। युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular