देवरिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने कानून व्यवस्था और विकास को लेकर पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में हर जिले में माफिया सक्रिय थे, बेटियां असुरक्षित थीं और व्यापारी भय के माहौल में व्यापार करते थे। लेकिन आज उत्तर प्रदेश की पहचान पूरी तरह बदल चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले “वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया” की चर्चा होती थी, जबकि आज “वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज” और “वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट” प्रदेश की नई पहचान बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में बेटियां सुरक्षित हैं, व्यापारी बिना डर के कारोबार कर रहे हैं और गुंडा टैक्स पूरी तरह खत्म हो चुका है।
सीएम योगी ने कहा कि किसानों को गन्ने का बेहतर मूल्य, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और अन्य कृषि योजनाओं का लाभ मिल रहा है। वहीं गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और मुफ्त राशन जैसी सुविधाएं बिना भेदभाव उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवरिया की जनता ने 2022 विधानसभा चुनाव में भाजपा को सभी सात सीटों पर जीत दिलाकर बड़ा समर्थन दिया था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार देवरिया की किसी भी विकास परियोजना को रुकने नहीं देगी और सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन और कुशीनगर का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास और विरासत दोनों का संगम बन चुका है। उन्होंने कहा कि आज देशभर में उत्तर प्रदेश की नई पहचान बनी है और लोग “जय श्रीराम” के साथ प्रदेश का स्वागत करते हैं।
