पाकिस्तान की मशहूर एक्ट्रेस Momina Iqbal ने पंजाब के PML-N विधायक साकिब चधर पर ऑनलाइन हरासमेंट और धमकियां देने का आरोप लगाया है। एक्ट्रेस की शिकायत के बाद पाकिस्तान की साइबर क्राइम जांच एजेंसी NCCIA इस मामले की जांच में जुट गई है।
हाल ही में मोमिना इकबाल और विधायक साकिब चधर दोनों NCCIA के सामने पेश हुए, जहां उन्होंने अपने-अपने बयान दर्ज कराए। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट और कथित ऑनलाइन बदनामी से जुड़ा बताया जा रहा है।
मोमिना इकबाल ने जांच अधिकारियों को बताया कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ झूठी बातें फैलाई गईं, जिससे उनकी छवि और करियर को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि बिना किसी सबूत के इंटरनेट पर आरोप लगाना किसी की निजी जिंदगी पर गंभीर असर डाल सकता है। एक्ट्रेस ने मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं गुरुवार (21 मई) को आरोपी विधायक साकिब चधर ने भी NCCIA के सामने अपना बयान दर्ज कराया। जांच एजेंसी सोशल मीडिया एक्टिविटी और डिजिटल रिकॉर्ड की मदद से सबूतों की पड़ताल कर रही है। हालांकि अब तक विधायक की ओर से इस मामले पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की गई है।
पाकिस्तान में पिछले कुछ वर्षों में ऑनलाइन उत्पीड़न, फर्जी वीडियो और सोशल मीडिया ट्रोलिंग के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी गई है। खासकर टीवी और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकार अक्सर ऐसे विवादों का शिकार होते रहे हैं। NCCIA का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई डिजिटल सबूतों के आधार पर की जाएगी।
