लखनऊ। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और एवीजीसी-एक्सआर जैसे आधुनिक क्षेत्र भविष्य में रोजगार और आर्थिक विकास के बड़े केंद्र बनेंगे। उत्तर प्रदेश भी तेजी से इस दिशा में आगे बढ़ रहा है और देशभर में नई पहचान बना रहा है।
शुक्रवार को गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित उत्तर प्रदेश एआई एंड एवीजीसी-एक्सआर समिट 2026 में उन्होंने युवाओं को नई तकनीक और इनोवेशन से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का दौर नई सोच और नए अवसरों का है। युवा अपनी रचनात्मकता और मेहनत के दम पर भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह समिट केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा और उनके उज्ज्वल भविष्य को मंच देने का प्रयास है। उन्होंने एमएएसी लखनऊ और कानपुर की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान युवाओं को एनीमेशन, गेमिंग, विजुअल इफेक्ट्स और एआई जैसी आधुनिक तकनीकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसे अभियानों ने युवाओं को नई दिशा और अवसर दिए हैं। उत्तर प्रदेश आईटी, डिजिटल मीडिया और स्टार्टअप सेक्टर में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

समिट में 600 से अधिक छात्रों और क्रिएटिव टेक्नोलॉजी से जुड़े युवाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मदन गोपाल शर्मा, रमन शर्मा, माधव ओझा, एप्टेक लिमिटेड के संदीप वेलिंग, एफआईसीसीआई के पूर्व चेयरमैन आशीष एस कुलकर्णी, कैनन इंडिया के गौरव मरकन, विजय शाह, व्हाइट एप्पल स्टूडियो के डॉ. राजीव रस्तोगी, एमएएसी के अमित दुआ और हुईओन इंडिया के राजीव नागर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

