भारत की जनगणना 2027 के तहत रायबरेली जिले में शनिवार से प्रथम चरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का काम घर-घर जाकर किया जाएगा। इसके लिए जिले में नियुक्त प्रगणक (Enumerator) और सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वेक्षण कार्य में जुट गए हैं।
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में तैनात सभी टीमें निर्धारित क्षेत्रों में पहुंचकर मकानों का सत्यापन, सूचीकरण और गणना का कार्य कर रही हैं। इस दौरान प्रत्येक मकान की स्थिति, उसका उपयोग, संरचना और अन्य आवश्यक विवरण निर्धारित प्रारूप के अनुसार एकत्र किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।
जिलाधिकारी ने प्रगणकों और सुपरवाइजरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करें ताकि शत-प्रतिशत सफलता हासिल की जा सके। प्रशासन ने विशेष रूप से भीषण गर्मी और तेज धूप को देखते हुए कर्मचारियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
निर्देशों में कहा गया है कि सभी प्रगणक अपने साथ पेयजल, ओआरएस पैकेट, गमछा या सिर ढकने के साधन अवश्य रखें ताकि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचा जा सके। साथ ही, कार्य के दौरान सावधानी और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि जब प्रगणक और सुपरवाइजर उनके घर पहुंचें तो उन्हें सही और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे जनगणना का कार्य सुचारु रूप से पूरा किया जा सके।
इस अभियान के सफल संचालन के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
