लखनऊ। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक) 2026 को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी जारी की है। परिषद के अनुसार UPJEE-P 2026 का आयोजन 2 जून से 9 जून 2026 तक प्रदेश के 175 परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में कराया जाएगा।
परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 8:00 बजे से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 12:00 बजे से 2:30 बजे तक और तीसरी पाली शाम 4:00 बजे से 6:30 बजे तक निर्धारित की गई है। परिषद ने परीक्षा के सुचारू और पारदर्शी संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी होने का दावा किया है।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन मॉक टेस्ट लिंक भी उपलब्ध कराया गया है। छात्र अपनी ई-मेल आईडी के जरिए रजिस्ट्रेशन कर कई बार मॉक टेस्ट देकर परीक्षा का अभ्यास कर सकते हैं।
परिषद ने बताया कि प्रवेश पत्र (Admit Card) जल्द ही आधिकारिक पोर्टल jeecup.admissions.nic.in पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी वेबसाइट से ऑनलाइन एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। साथ ही छात्रों से अपील की गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी नई सूचनाओं और दिशा-निर्देशों के लिए नियमित रूप से वेबसाइट चेक करते रहें।
इस वर्ष यूपी पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा के लिए करीब 4.25 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जिससे प्रतियोगिता काफी कड़ी मानी जा रही है।
