लखनऊ में भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को राहत देने के लिए नई पहल की है। राजधानी के कई प्रमुख चौराहों पर ग्रीन नेट लगाए गए हैं, ताकि ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को तेज धूप से बचाया जा सके। रविवार दोपहर शहर का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हजरतगंज समेत कई व्यस्त चौराहों पर लगाए गए ग्रीन नेट के कारण रेड लाइट पर इंतजार कर रहे लोगों को सीधी धूप से राहत मिल रही है। ट्रैफिक पुलिस की इस पहल की आम लोग सराहना कर रहे हैं।
मौसम विभाग ने प्रदेश में हीटवेव और वार्म नाइट का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, रविवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग तीन डिग्री अधिक रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना हुआ है। दोपहर के समय 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 11 बजे से 3 बजे तक बेहद सावधानी बरतने की सलाह दी है।
विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही हल्के सूती कपड़े पहनने, पर्याप्त पानी पीने और धूप में निकलते समय सिर ढकने की अपील की गई है। ओआरएस, छाछ, लस्सी और नींबू पानी जैसे पेय पदार्थों के सेवन की भी सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने आगामी मानसून को लेकर भी चिंता जताई है। विभाग के अनुसार इस वर्ष उत्तर प्रदेश में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है, जिसका असर खेती और जल संसाधनों पर पड़ सकता है।
