Homeउत्तर प्रदेशसीएम योगी ने की कानून-व्यवस्था की समीक्षा, विकास खंड स्तर पर साप्ताहिक...

सीएम योगी ने की कानून-व्यवस्था की समीक्षा, विकास खंड स्तर पर साप्ताहिक चौपाल लगाने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जनता की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए विकास खंड स्तर पर साप्ताहिक चौपाल आयोजित करने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन चौपालों में राजस्व विवाद, घरेलू हिंसा, अवैध वसूली और स्थानीय पुलिस शिकायतों जैसी समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन शिविरों में जनपद स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी और प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

सीएम योगी ने आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को केवल औपचारिक रूप से बंद न किया जाए, बल्कि वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

बैठक में आगामी पर्वों को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बकरीद के अवसर पर सार्वजनिक स्थलों पर पशुओं की कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूरी तरह निषिद्ध रहेगी। वहीं, नमाज केवल निर्धारित और पारंपरिक स्थलों पर ही अदा की जाएगी तथा सड़क मार्ग अवरुद्ध करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

गंगा दशहरा पर्व को देखते हुए प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, चित्रकूट सहित कई जिलों में घाटों की सफाई, बैरिकेडिंग, एम्बुलेंस तैनाती और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बिजली, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने अवैध खनन, बिना नंबर प्लेट वाहनों और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।

बैठक में मुख्य सचिव ने ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ के तहत 12 लाख पांडुलिपियों के चिन्हांकन की जानकारी दी, जबकि पुलिस महानिदेशक ने आगामी पर्वों और सुरक्षा तैयारियों से अवगत कराया।

RELATED ARTICLES

Most Popular