Homeउत्तर प्रदेशपतंजलि योग कक्षा की चौथी वर्षगांठ पर हुआ दिव्य हवन, योग अपनाने...

पतंजलि योग कक्षा की चौथी वर्षगांठ पर हुआ दिव्य हवन, योग अपनाने का दिया संदेश

लखनऊ। पतंजलि योग कक्षा की चौथी वर्षगांठ के अवसर पर बुधवार को सीपीएल विद्यालय परिसर में दिव्य हवन एवं पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लेकर श्रद्धा और उत्साह के साथ आहुति अर्पित की।

विद्यालय प्रबंधक वीरेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में विधि-विधान से हवन संपन्न कराया गया। इस दौरान उपस्थित सभी साधकों ने पूजा-अर्चना कर समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेवानिवृत्त शिक्षक नागेंद्र कुमार मिश्रा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम और प्राणायाम से शरीर में रक्त संचार बेहतर रहता है तथा कई बीमारियों से बचाव संभव होता है। उन्होंने लोगों से अपनी दिनचर्या में योग को शामिल करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि चार वर्ष पूर्व जून माह में पतंजलि हरिद्वार से संबद्ध गंगागंज समिति के अध्यक्ष नागेश कुमार ने इस योग अभियान की शुरुआत की थी। बाद में समिति की जिम्मेदारी रामकुमार पांडे को सौंपी गई और उन्हें ‘योग करो, योग सिखाओ और बीमारियां दूर भगाओ’ अभियान को आगे बढ़ाने का दायित्व दिया गया।

विगत चार वर्षों से यह अभियान निरंतर संचालित हो रहा है, जिससे क्षेत्र के अनेक लोगों को स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हुआ है। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार ने योग साधकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि योग का यह जनकल्याणकारी अभियान निरंतर जारी रहना चाहिए। उन्होंने भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

इस अवसर पर समिति अध्यक्ष रामकुमार पांडे, माता प्रसाद यादव, गंगा चरण, मदन मोहन शुक्ला, ओम राम, कैलाश, संत दिन वर्मा, मायाराम वर्मा, सत्य प्रकाश वर्मा, विजय बहादुर, संतोष शर्मा, सत्य प्रकाश पटेल, दयानंद समेत कई योग साधक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular