Homeउत्तर प्रदेशबहराइच में ओवैसी की जनसभा का विरोध, हिंदू संगठनों ने दिखाए काले...

बहराइच में ओवैसी की जनसभा का विरोध, हिंदू संगठनों ने दिखाए काले झंडे

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की चुनावी जनसभा के दौरान विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। नवाबगंज थाना क्षेत्र के शंकरपुर में आयोजित जनसभा से पहले हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर ओवैसी के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनके वापस जाने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

देवीपाटन मंडल अध्यक्ष मनीष पांडे के नेतृत्व में जुटे हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के खिलाफ भी नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान उनका पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया गया।

बताया जा रहा है कि जैसे ही कार्यकर्ता काले झंडों के साथ शंकरपुर स्थित सभा स्थल की ओर बढ़ने लगे, पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। इसके बाद नाराज कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हाउस अरेस्ट भी किया।

उधर, संभावित विरोध और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जनसभा स्थल पर भारी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए थे। प्रशासन पूरे कार्यक्रम के दौरान हालात पर नजर बनाए रहा।

दरअसल, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी एक दिवसीय चुनावी दौरे पर बहराइच पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मटेरा विधानसभा क्षेत्र के शंकरपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने भाजपा और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए पार्टी के पहले प्रत्याशी के नाम की भी घोषणा की।

गौरतलब है कि हाल ही में एआईएमआईएम के वरिष्ठ नेता शौकत अली द्वारा महाराजा सुहेलदेव को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान के बाद क्षेत्र में विरोध की भावना बढ़ी हुई है। इसी मुद्दे को लेकर हिंदू संगठनों ने ओवैसी की सभा का विरोध किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular