Homeउत्तर प्रदेशजेवर एयरपोर्ट पर बोले सीएम योगी: किसानों के भरोसे ने बदली तस्वीर,...

जेवर एयरपोर्ट पर बोले सीएम योगी: किसानों के भरोसे ने बदली तस्वीर, अब दुनिया की नजर इस क्षेत्र पर

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के निर्माण के लिए भूमि समर्पित करने वाले किसानों के साथ संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसानों के विश्वास और सहयोग ने क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि जब राज्य सरकार ने जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण का प्रस्ताव पारित किया था, तब भूमि अधिग्रहण सबसे बड़ी चुनौती थी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मुझे याद है कि कैबिनेट से प्रस्ताव पारित होने के बाद अधिकारियों को 100 दिनों के भीतर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन काम आगे नहीं बढ़ पाया। इसके बाद मैं स्वयं किसानों के बीच गया। उस समय अधिकांश किसानों का कहना था कि वे अपनी जमीन नहीं देंगे।”

उन्होंने बताया कि किसानों से संवाद के दौरान उन्होंने उन्हें भरोसा दिलाया कि यह एयरपोर्ट क्षेत्र के विकास की दिशा बदल देगा। सीएम योगी ने कहा, “मैंने किसानों से कहा था कि यह परियोजना आपकी और आपके क्षेत्र की तस्वीर बदल देगी। समय सबका आता है, कुछ लोग अवसर का लाभ उठाकर आगे बढ़ जाते हैं और कुछ उसे गंवा देते हैं। आपने हम पर विश्वास किया और उसी का परिणाम आज सबके सामने है।”

मुख्यमंत्री ने जेवर क्षेत्र के पुराने हालात का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय यह इलाका अपराध और असुरक्षा के लिए जाना जाता था। उन्होंने कहा, “शाम होते ही लोगों का आवागमन रुक जाता था। बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करती थीं। किसानों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलती थीं और विकास के नाम पर यहां बहुत कुछ अधूरा था।”

उन्होंने कहा कि दिल्ली के निकट होने के बावजूद जेवर केवल एक कस्बे और गांव तक सीमित था, लेकिन आज परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “आज जेवर वैश्विक पहचान की ओर बढ़ रहा है। दुनिया के बड़े निवेशक और उद्योगपति यहां आने के लिए उत्सुक हैं। जो क्षेत्र कभी पिछड़ेपन की पहचान था, वह अब विकास और संभावनाओं का नया केंद्र बन रहा है।”

सीएम योगी ने विश्वास जताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने के साथ-साथ लाखों लोगों के लिए रोजगार और निवेश के नए अवसर भी पैदा करेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular