प्रदेश सरकार ने 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए सभी जिलों में मंत्रियों और नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज और ब्रजेश पाठक लखनऊ में योग दिवस कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे।
सरकार की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना शाहजहांपुर, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही देवरिया, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह गोरखपुर, महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य आगरा, लक्ष्मी नारायण चौधरी मथुरा और जयवीर सिंह मैनपुरी में आयोजित योग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
इसके अलावा धर्मपाल सिंह को बरेली, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ को चित्रकूट, अनिल राजभर को चंदौली, राकेश सचान को कानपुर, अरविंद कुमार शर्मा को मऊ और योगेन्द्र उपाध्याय को फिरोजाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, आशीष पटेल मिर्जापुर, संजय निषाद अंबेडकरनगर, ओम प्रकाश राजभर गाजीपुर, दारा सिंह चौहान आजमगढ़, सुनील कुमार शर्मा गाजियाबाद, अनिल कुमार मुजफ्फरनगर, भूपेंद्र चौधरी मुरादाबाद और मनोज पांडेय रायबरेली में योग दिवस कार्यक्रमों की निगरानी और संचालन करेंगे।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और अन्य राज्यमंत्रियों को भी अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि सभी अधिकारी नामित मंत्रियों और नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें।
सरकार ने योग दिवस को जनभागीदारी का उत्सव बनाने पर जोर देते हुए अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रमों से जोड़ने के निर्देश दिए हैं, ताकि योग के प्रति जागरूकता बढ़े और आयोजन को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप मिल सके।
