लखनऊ। भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) की सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल (CIRC) की लखनऊ शाखा द्वारा सीए फाइनल अचीवर्स सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मई 2026 की सीए फाइनल परीक्षा में सफलता प्राप्त कर चार्टर्ड अकाउंटेंट बने विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में नव-योग्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, उनके परिजन, वरिष्ठ सीए सदस्य, पूर्व अध्यक्ष तथा लखनऊ शाखा की प्रबंध समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पेशेवरों की उपलब्धियों का सम्मान करना और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना था।
राष्ट्रीय स्तर पर सीए फाइनल परीक्षा में 7,931 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए, जबकि दोनों समूहों में शामिल उम्मीदवारों का उत्तीर्ण प्रतिशत 14.07 प्रतिशत रहा। लखनऊ परीक्षा केंद्र से कुल 624 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 43 अभ्यर्थी सफल होकर चार्टर्ड अकाउंटेंट बने।
लखनऊ केंद्र के टॉप प्रदर्शनकर्ताओं में राहुल चौरसिया ने 369 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्रुति गोयल 350 अंकों के साथ द्वितीय, अरशद खान 345 अंकों के साथ तृतीय, यशाश्व अग्रवाल 337 अंकों के साथ चतुर्थ तथा हर्ष अग्रवाल 333 अंकों के साथ पंचम स्थान पर रहे।
इस अवसर पर सभी सफल अभ्यर्थियों को उनकी मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्मृति-चिह्न एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। लखनऊ शाखा के पदाधिकारियों ने कहा कि सीए की उपाधि केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि पेशेवर उत्कृष्टता, नैतिक मूल्यों, निरंतर सीखने और समाज के प्रति जिम्मेदारी की नई शुरुआत है।
वक्ताओं ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवा सीए को तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्थिरता रिपोर्टिंग और वैश्विक व्यवसाय परामर्श जैसे उभरते क्षेत्रों में अवसर तलाशने तथा उच्च पेशेवर मानकों को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य अतिथियों ने नव-योग्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की सफलता में माता-पिता, शिक्षकों, मार्गदर्शकों और प्रशिक्षण संस्थानों के योगदान की भी सराहना की।
