लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजधानी के ऐतिहासिक केडी सिंह बाबू स्टेडियम में ममता चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजनीति, प्रशासन और समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया।
योग शिविर के मुख्य आकर्षण उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा रहे। दोनों नेताओं ने उपस्थित जनसमूह के साथ योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने योग को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में एमएलसी इंजीनियर अवनीश सिंह तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी दुर्गा शंकर मिश्रा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने योगाभ्यास में भाग लेकर लोगों को फिट और स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया।
14.jpg)
शिविर में विभिन्न स्कूलों से आए विद्यार्थियों और लखनऊ के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने प्राणायाम, ध्यान और विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। बच्चों और युवाओं में योग को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
ममता चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे वैश्विक स्तर पर भी व्यापक पहचान मिली है।
