राजाजीपुरम स्थित नीरा मैरिज हाउस में लिरिक्स एकेडमी ऑफ म्यूजिक द्वारा आयोजित “ग्रैंड एनुअल शोकेस 2026” में विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य और वाद्य यंत्रों की मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में नन्हे कलाकारों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
एकेडमी के डायरेक्टर राय मणिपत राय के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। रंगारंग प्रस्तुतियों से सजे आयोजन में अभिभावकों और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत वोकल ग्रुप प्रस्तुति से हुई, जिसमें आद्या, वैष्वी, विवेक, नियति, अंशु, वेदिका और कृतिका ने अपनी मधुर आवाज का जादू बिखेरा। इसके बाद अनोखी के एकल नृत्य और अनाबिया की पियानो प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। वोकल सोलो प्रस्तुतियों में वैष्वी, विषु कुमार, वेदिका, विवेक, नियति और विनीत ने अपनी गायन प्रतिभा से कार्यक्रम को संगीतमय बना दिया।
पियानो और गिटार प्रस्तुतियों में कार्तिक, विद्धि, अवनिका और विराज ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। वहीं समूह नृत्य में अजूनी, उन्नति, ईशानी, हर्षिता, सृष्टि और सृष्टि सिन्हा ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। बॉयज डांस ग्रुप में निक, आर्यवर्धन, अर्नव, विराट और अक्षज ने जोश से भरपूर प्रस्तुति दी, जबकि सान्वी, सात्विकी, प्रिशा, निहारिका और सिद्धिक्षा के गर्ल्स डांस ग्रुप ने आकर्षक नृत्य से खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के विशेष आकर्षणों में ईशानी और अवनिका की गिटार डुएट प्रस्तुति तथा सक्षम का एकल नृत्य शामिल रहा। दोनों प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा
इस अवसर पर डायरेक्टर राय मणिपत राय ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य बच्चों को केवल संगीत और नृत्य की शिक्षा देना नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मकता और मंचीय कौशल विकसित करना भी है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और अभिभावकों को कार्यक्रम की सफलता के लिए बधाई दी।
कोऑर्डिनेटर एवं कोरियोग्राफर प्राची श्रीवास्तव ने बताया कि राजाजीपुरम शाखा का यह दूसरा वार्षिक आयोजन है। उन्होंने कहा कि संस्थान के सभी शिक्षक पूरी लगन और समर्पण के साथ बच्चों को प्रशिक्षित करते हैं और आज की प्रस्तुतियों ने उनकी मेहनत को सफल साबित किया है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में काउंसलर वैष्णवी चौरसिया, वोकल शिक्षक प्रशांत श्रीवास्तव, पियानो शिक्षक नवीन श्रीवास्तव, गिटार शिक्षक सुधांशु निगम, वाद्य यंत्र शिक्षक अवधेश कुमार जोशी तथा आर्ट एंड क्राफ्ट शिक्षिका आयुषी मौर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। अभिभावकों और दर्शकों ने बच्चों की प्रतिभा तथा शिक्षकों के समर्पण की सराहना करते हुए आयोजन को यादगार बताया।
