Homeउत्तर प्रदेशपीएम किसान की 23वीं किस्त जारी, यूपी के 2.17 करोड़ किसानों के...

पीएम किसान की 23वीं किस्त जारी, यूपी के 2.17 करोड़ किसानों के खातों में पहुंचे 4352 करोड़ रुपये

लखनऊ/झांसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई।

इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसानों को बड़ा लाभ मिला है। उनके खातों में कुल 4,352.40 करोड़ रुपये की सम्मान निधि सीधे भेजी गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी स्थित आयुक्त सभागार से कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़े। इस दौरान सांसद अनुराग शर्मा, राज्यमंत्री मनोहर लाल ‘मन्नू कोरी’, विधायक जवाहर लाल राजपूत और उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अन्नदाता किसानों की समृद्धि और खुशहाली डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसानों के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार लगातार प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के खातों में भेजी गई यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उनके परिश्रम, सम्मान और समृद्धि के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

RELATED ARTICLES

Most Popular