रिपोर्ट : – ममता भारद्वाज
आगरा जिले के अछनेरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल के शौचालय में एक नवजात का शव मिलने से स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अस्पताल स्टाफ को शौचालय में नवजात होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर जब नवजात को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक आशंका है कि जन्म के तुरंत बाद नवजात को शौचालय में फेंक दिया गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात शौचालय तक कैसे पहुंचा और इस घटना के पीछे कौन जिम्मेदार है।
मामले की जांच के लिए अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही अस्पताल में हाल ही में भर्ती हुई महिलाओं और प्रसव से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
