फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने सोमवार को फिरोजाबाद में ₹658 करोड़ से अधिक लागत की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है, जबकि पहले अराजकता और माफिया राज का माहौल था।
मुख्यमंत्री ने फिरोजाबाद के ग्लास उद्योग की सराहना करते हुए कहा कि यहां के कारीगरों ने नवाचार और नई तकनीक के बल पर चीन को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि पहले त्योहारों और आयोजनों में चीनी उत्पाद बाजार पर छाए रहते थे, लेकिन अब फिरोजाबाद में बनी कांच की कलाकृतियां देश-विदेश में पहचान बना रही हैं।
सीएम योगी ने कहा कि यहां के कारीगर भगवान राम, राधा-कृष्ण, गणपति, भगवान शिव और भगवान बुद्ध की आकर्षक प्रतिमाएं तैयार कर भारतीय कला और संस्कृति को नई पहचान दे रहे हैं।
उन्होंने फिरोजाबाद को “सुहाग नगरी” बताते हुए कहा कि जब भी सनातन परंपरा और चूड़ियों की बात होती है, लोगों की नजर फिरोजाबाद पर जाती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार स्थानीय उद्यमियों और उद्योगों को हर संभव प्रोत्साहन देगी।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के एजेंडे में विकास कभी नहीं रहा। उनका काम समाज को बांटना, गुंडागर्दी को बढ़ावा देना और विकास कार्यों में बाधा डालना था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले हर जिले में एक चिन्हित माफिया होता था, जो जमीनों पर कब्जा करता, व्यापारियों से वसूली करता और कानून व्यवस्था को चुनौती देता था।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आज डबल इंजन सरकार वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट जैसी योजनाएं दे रही है, जबकि पहले वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की पहचान थी।” उन्होंने दावा किया कि प्रदेश अब माफिया मुक्त होकर विकास और निवेश के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।
