प्रतिभा और मेहनत किसी पहचान की मोहताज नहीं होती। जो अपने सपनों को पूरा करने का हौसला रखते हैं, वे अपनी मंजिल खुद तय करते हैं। ऐसा ही प्रेरणादायक दृश्य आलमबाग स्थित आदर्श नगर पार्क में आयोजित बहू-बेटी सम्मेलन के दौरान देखने को मिला, जहां कराटे में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सृष्टि गुप्ता को ‘नारी सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत थाना आलमबाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने भाग लिया। इस अवसर पर सृष्टि गुप्ता ने कराटे का विशेष प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
उनकी प्रतिभा, उपलब्धियों और समाज के प्रति सकारात्मक सोच को देखते हुए इंस्पेक्टर आलमबाग एवं उनकी टीम ने उन्हें शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान मिलने पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक बनाना समय की आवश्यकता है। मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा के साथ-साथ आत्मविश्वास और सम्मान का वातावरण प्रदान करना है।
इस दौरान यह भी कहा गया कि आज की नारी हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही है और सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही है। शिक्षा, खेल, प्रशासन, विज्ञान और सामाजिक क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी समाज के सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
वक्ताओं ने कहा कि नारी केवल ममता, त्याग और करुणा की प्रतीक ही नहीं, बल्कि शक्ति, साहस और नेतृत्व की भी मिसाल है। जिस घर में बेटियां मुस्कुराती हैं, वहां खुशहाली, संवेदनशीलता और संस्कारों का वातावरण स्वतः विकसित होता है।
सृष्टि गुप्ता को मिला यह सम्मान न केवल उनकी उपलब्धियों का सम्मान है, बल्कि उन सभी बेटियों के लिए प्रेरणा है जो अपने सपनों को साकार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
