Homeउत्तर प्रदेशकिसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू (अराजनैतिक) का प्रदर्शन, सीएम के नाम...

किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू (अराजनैतिक) का प्रदर्शन, सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला मुख्यालय और मोहनलालगंज ब्लॉक में धरना-प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों ने किसानों के अंश निर्धारण, फार्मर रजिस्ट्री, खाद-बीज की उपलब्धता सहित कई मुद्दों को उठाते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

जिलाध्यक्ष राजेश रावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान दोपहर करीब 12 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां किसानों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

किसानों ने मांग की कि अंश निर्धारण के सभी लंबित मामलों का जल्द निस्तारण किया जाए। साथ ही फार्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

इसके अलावा डीएपी, यूरिया और अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, नकली बीज और कीटनाशकों की बिक्री पर रोक लगाने सहित 15 सूत्रीय मांगों को लेकर उप जिलाधिकारी मोहनलालगंज पवन पटेल को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

इस दौरान महासचिव राकेश गौतम, विष्णुपाल सिंह, मेवालाल, बीजक प्रकाश, सुजीत और राममिलन सहित कई किसान नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वहीं मोहनलालगंज में भी भाकियू (अराजनैतिक) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर किसानों की समस्याएं उठाईं। किसानों ने आरोप लगाया कि उन्हें कई सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। साथ ही पेट्रोल पंपों पर गैलन में डीजल देने से मना किए जाने की समस्या भी प्रशासन के सामने रखी गई।

इस पर उप जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी शिकायत नहीं आने दी जाएगी। अन्य समस्याओं के समाधान के लिए शनिवार को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित करने की बात भी कही गई।

प्रशासन के आश्वासन के बाद किसानों ने अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular