लखनऊ। राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज क्षेत्र स्थित कैंपबेल रोड के इरम स्कूल में मंगलवार को अचानक आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकल कर्मियों ने तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से स्कूल के अन्य हिस्सों में आग फैलने से रोक लिया गया।
राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय स्कूल भवन खाली था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
स्कूल की प्रिंसिपल ऋचा सक्सेना के मुताबिक शुरुआती जांच में आग लगने का कारण एग्जॉस्ट फैन में तकनीकी खराबी माना जा रहा है। हालांकि फायर विभाग की टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से 15 लोगों की मौत हुई थी। उस घटना के बाद शहर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में इरम स्कूल में आग लगने की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। हालांकि इस मामले में समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
