Homeउत्तर प्रदेशबरेली को मिली 60 अत्याधुनिक स्वच्छता वाहनों की सौगात, मुख्यमंत्री ने दिखाई...

बरेली को मिली 60 अत्याधुनिक स्वच्छता वाहनों की सौगात, मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली नगर निगम द्वारा खरीदे गए 60 अत्याधुनिक स्वच्छता वाहनों को सर्किट हाउस परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस इन वाहनों के संचालन से शहर की सफाई व्यवस्था को नई गति मिलेगी तथा कचरा प्रबंधन और सीवर सफाई व्यवस्था अधिक प्रभावी और सुरक्षित बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ शहर का निर्माण जनभागीदारी से ही संभव है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन आधुनिक वाहनों के उपयोग से कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण, सीवर सफाई और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी और बरेली को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित शहर बनाने में मदद मिलेगी।

नगर निगम के बेड़े में शामिल किए गए 60 वाहनों में छह रोबोटिक मेनहोल सीवर क्लीनिंग मशीनें, दो स्किड लोडर, 50 सीएनजी ऑटो टिपर और दो बैक-हो लोडर शामिल हैं। रोबोटिक सीवर क्लीनिंग मशीनें मेनहोल की सफाई बिना मानव प्रवेश के करने में सक्षम हैं। वहीं, सीएनजी ऑटो टिपर घर-घर से कूड़ा एकत्र कर गीले, सूखे, स्पेशल केयर और सैनिटरी वेस्ट की अलग-अलग श्रेणियों में संग्रह करेंगे, जिससे स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त ने मुख्यमंत्री को बताया कि ‘बैण्डीकूट’ रोबोटिक मेनहोल क्लीनिंग मशीन स्वच्छ भारत मिशन और मेक इन इंडिया के तहत विकसित तकनीक है, जो सीवर सफाई में मानव प्रवेश की आवश्यकता को समाप्त करती है और 360 डिग्री सफाई करने में सक्षम है।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस परिसर में बेल का पौधा रोपित किया तथा दीप चैरिटेबल ट्रस्ट, बरेली की ‘मोबाइल नेत्र चिकित्सा सेवा वैन’ का उद्घाटन भी किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular