लखनऊ। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी द्वारा सरकार पर उठाए जा रहे सवालों के बीच उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम मंत्री अनिल राजभर ने सपा और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि सरकार मामले की निष्पक्ष जांच करा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी को पहले अपने पुराने कृत्यों के लिए देश के करोड़ों सनातनियों से माफी मांगनी चाहिए।
अनिल राजभर ने कहा कि अयोध्या में हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और सरकार पूरी गंभीरता से इसकी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति कर रही है।
मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं का अयोध्या तथा भगवान श्रीराम को लेकर पहले का रवैया जगजाहिर है।
उन्होंने दावा किया कि यदि सपा को मौका मिले तो वह मंदिर की जगह फिर से मस्जिद बनवा दे। राजभर ने आरोप लगाया कि सपा आज अपना राजनीतिक चेहरा बदलने का प्रयास कर रही है, लेकिन प्रदेश की जनता उसके पुराने रुख को अच्छी तरह जानती है।
उन्होंने मुलायम सिंह यादव सरकार के दौरान कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का भी उल्लेख करते हुए कहा कि क्या अखिलेश यादव अपने पिता और पार्टी के उस दौर की घटनाओं के लिए कभी माफी मांगेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि संसद में भगवान राम और राम जन्मभूमि को लेकर दिए गए बयानों पर भी समाजवादी पार्टी को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
राजभर ने कहा कि अयोध्या आस्था का विषय है और सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि जांच पूरी होने के बाद यदि किसी स्तर पर कोई लापरवाही सामने आती है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि इस संवेदनशील विषय पर राजनीति करने के बजाय जांच पूरी होने का इंतजार करे।।
