Homeउत्तर प्रदेशकेदारनाथ पैदल मार्ग पर बारिश का कहर, बोल्डर और मलबा गिरने से...

केदारनाथ पैदल मार्ग पर बारिश का कहर, बोल्डर और मलबा गिरने से यात्रा रोकी गई

उत्तराखंड के कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित है। जगह-जगह बोल्डर गिरने और मलबा आने से सड़कें और मार्ग बाधित हो रहे हैं। इसका असर पर्यटकों और यात्रियों पर भी पड़ रहा है। रुद्रप्रयाग जिले में देर रात हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी, जबकि कुछ जगहों पर मलबा और बोल्डर आने से रास्ते बंद हो गए।

बारिश का असर केदारनाथ यात्रा के पैदल मार्ग पर भी पड़ा है। मंगलवार, 21 जुलाई की देर रात केदारघाटी में हुई तेज बारिश के बाद गौरीकुंड से करीब एक किलोमीटर आगे छौड़ी क्षेत्र में पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर और मलबा गिरने के कारण पैदल मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल आवाजाही रोक दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया।

मार्ग खोलने में जुटी टीमें

लगातार बारिश के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पिछले कई दिनों से संवेदनशील बना हुआ है। मंगलवार रात अचानक चट्टान टूटने और भारी मलबा आने के बाद प्रशासन ने यात्रा संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मार्ग से बोल्डर और मलबा हटाने के लिए संबंधित विभागों की टीमें मौके पर तैनात कर दी गई हैं। मौसम साफ होने और बारिश थमने के बाद मार्ग को जल्द से जल्द खोलने का प्रयास किया जाएगा।

यात्रियों से प्रशासन की अपील

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और बिना अनुमति आगे बढ़ने का प्रयास न करें। मार्ग की लगातार निगरानी की जा रही है और मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे की यात्रा व्यवस्था पर निर्णय लिया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मार्ग का सुरक्षा परीक्षण पूरा होने के बाद ही केदारनाथ यात्रा को दोबारा सुचारु किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular