लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह से ही आसमान में काले घने बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने दिन में हल्की बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। सुबह से चल रही तेज हवाओं ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी है।
पिछले 24 घंटे में लखनऊ में 8.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य औसत से 57 फीसदी अधिक है। इस अवधि में सामान्य बारिश 5.7 मिलीमीटर मानी जाती है।

हालांकि, मानसून सीजन में अब तक लखनऊ में कुल 159.1 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि सामान्य औसत 249.5 मिलीमीटर है। यानी राजधानी में अब तक सामान्य से 36 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
सुबह हवा की रफ्तार 20 से 39 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही। मौसम विभाग के मुताबिक, दिन में हवा की रफ्तार कम होने पर उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। आज लखनऊ का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसून की सक्रियता फिलहाल कमजोर हुई है। उत्तर प्रदेश में 25 जुलाई तक मानसूनी गतिविधियों में कमी रह सकती है। हालांकि, 26 जुलाई से प्रदेश में एक बार फिर मानसून के सक्रिय होने और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

