Homeउत्तर प्रदेशएयर इंडिया और सऊदिया एयरलाइंस के बीच हुआ समझौता, कोडशेयर डील बढ़ाने...

एयर इंडिया और सऊदिया एयरलाइंस के बीच हुआ समझौता, कोडशेयर डील बढ़ाने समेत कई क्षेत्रों में सहयोग की तैयारी

टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया और सऊदी अरब की सऊदिया एयरलाइंस ने अपनी रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत दोनों एयरलाइंस के बीच मौजूदा कोडशेयर समझौते का विस्तार करने, नेटवर्क कनेक्टिविटी बेहतर बनाने और व्यापक वाणिज्यिक सहयोग की संभावनाएं तलाशने की योजना है।

एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। एयरलाइन ने कहा कि मौजूदा कोडशेयर समझौते को आगे बढ़ाने और ऑपरेशनल व कमर्शियल सहयोग के नए अवसर तलाशने के उद्देश्य से सऊदिया एयरलाइंस के साथ MoU पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

इस समझौते पर सऊदी समूह के डायरेक्टर जनरल इंजीनियर इब्राहिम अल-ओमर और एयर इंडिया के सीईओ एवं मैनेजिंग डायरेक्टर कैंपबेल विल्सन ने हस्ताक्षर किए।

यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाएं देने पर जोर

एयर इंडिया ने कहा कि दोनों एयरलाइंस मिलकर अपने नेटवर्क की कनेक्टिविटी बेहतर करने के साथ-साथ कस्टमर एक्सपीरियंस और लॉयल्टी प्रोग्राम से जुड़े सहयोग को भी मजबूत करेंगी। इसका उद्देश्य भारत, सऊदी अरब और अन्य देशों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं और अधिक वैल्यू उपलब्ध कराना है।

एयर इंडिया एक्सप्रेस और फ्लाईडील तक बढ़ सकता है सहयोग

इस MoU के जरिए दोनों एयरलाइंस के संबंधित ग्रुप्स की अन्य एयरलाइंस को भी भविष्य में इस साझेदारी से जोड़ने की संभावनाएं तलाशने का रास्ता खुला है। इनमें एयर इंडिया एक्सप्रेस और फ्लाईडील जैसी एयरलाइंस शामिल हैं। इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी के साथ अधिक यात्रा विकल्प मिलने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि भारत और सऊदी अरब के बीच हवाई यात्री यातायात लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में दोनों एयरलाइंस के बीच यह रणनीतिक साझेदारी यात्रियों के लिए कनेक्टिविटी और यात्रा विकल्पों को और बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular