Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ के ईको गार्डन में आजाद समाज पार्टी का धरना जारी, धर्मेंद्र...

लखनऊ के ईको गार्डन में आजाद समाज पार्टी का धरना जारी, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

लखनऊ के ईको गार्डन में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और छात्र धरना स्थल पर पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज, पेपर लीक के मामलों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।

धरने का नेतृत्व पार्टी के प्रदेश महासचिव अनिकेत धनुक ने किया। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाना गलत है और पार्टी उनके अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।

‘धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन’

अनिकेत धनुक ने कहा कि यह धरना सिर्फ प्रतीकात्मक प्रदर्शन नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते और छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सरकार को युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों का जवाब देना होगा।

शनिवार को धरना स्थल पहुंचेंगे चंद्रशेखर आजाद

प्रदेश महासचिव ने बताया कि शनिवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद भी ईको गार्डन पहुंचकर आंदोलन में शामिल होंगे। उनके पहुंचने के बाद आंदोलन को और तेज करने के साथ ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।

लखनऊ को नया जंतर-मंतर बना देंगे’

अनिकेत धनुक ने कहा कि अगर सरकार ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हम लखनऊ को नया जंतर-मंतर बना देंगे।” उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों को न्याय मिलने और उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक धरना जारी रहेगा।

धरने में शामिल कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और छात्रों के अधिकारों की सुरक्षा की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इन मुद्दों पर सरकार को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular